जगनायक प्रधान कानपुर।
केशव नगर स्थित भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में कानपुर लोकसभा एवं विधानसभाओं की चुनाव संचालन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा लोकसभा चुनाव प्रदेश के सह प्रभारी संजीव चौरसिया ने कहा कि भाजपा बेहतर बूथ प्रबंधन के जरिए विपक्ष को चुनौती देगी। भाजपा के स्थापना दिवस 6 अप्रैल से शुरू हो रहे बूथ विजय अभियान के तहत बूथ अध्यक्ष,बूथ कमेटी के सदस्य,पन्ना प्रमुख सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चिट्ठी लेकर घर-घर जाएंगे और लोगों से भाजपा को जिताने की अपील करेंगे। पन्ना प्रमुख अपने पन्ने में अंकित सभी 60 मतदाताओं से संपर्क कर उनके मोबाइल नंबर अपडेट करेंगे। घरों पर पार्टी का झंडा लगा कर सेल्फी लेकर नमो ऐप पर अपलोड करेंगे।
कानपुर लोकसभा क्षेत्र में 1607 बूथ और 22 हजार से ज्यादा पन्ना प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2014 और 2019 में भी मजबूत बूथ प्रबंधन के दम पर चुनाव जीते थे। प्रत्येक बूथ पर पिछली बार की अपेक्षा 370 वोट अधिक लाने का लक्ष्य रखें।
उन्होंने कहा कि विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक 3 तारीख से विधानसभा क्षेत्र एवं शक्ति केंद्रों पर प्रवास करेंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि 2019 के चुनाव में एक लाख पचपन हजार मतों से भाजपा जीती थी परंतु अबकी बार पांच लाख वोटों से भाजपा प्रत्याशी की जीत होगी। 3 अप्रैल को मंडलवार बैठकें होंगी जिसमें प्रत्येक बूथ पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएंगे। इन व्हाट्सएप ग्रुप में पार्टी द्वारा नियमित रूप से प्रचार से जुड़े संदेश भेजें जाएंगे।उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल अंबेडकर जयंती के दिन हर बूथ पर पार्टी टिफिन बैठकें कर समरसता दिवस मनाएगी। 9 से 17 अप्रैल तक नवरात्र के दौरान महिला मोर्चा द्वारा मंदिरों में कन्या पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शक्ति केंद्र स्तर पर पंच परमेश्वर बूथ अध्यक्ष, बीएलएटू ,बूथ सचिव बस्ता प्रमुख की बैठकें होंगी।
20 अप्रैल के बाद विधानसभा सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे जिसमें प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी अनूप गुप्ता शामिल होंगे। 18 से 25 अप्रैल के बीच पार्टी पन्ना प्रमुख के सम्मेलन होंगे। भाजपा प्रत्येक शक्ति केंद्र पर नुक्कड़ सभा करेगी। नुक्कड़ सभा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश आम मतदाताओं तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला,सलिल बिश्नोई, कमलावती सिंह, रामकिशोर साहू, जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह दीपू पांडे, भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, राम शरण कटियार , मणिकांत जैन, कौशल किशोर दीक्षित,रमाकांत त्रिपाठी, सुरेश अवस्थी, रघुनंदन भदौरिया, मोहित पांडे, अनूप अवस्थी, लोकसभा मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।